रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद- सैय्यद| अम्बेडकरनगर | 29 मई 2026 जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, टीकाकरण अभियान, एंबुलेंस सेवाओं तथा वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अप्रैल माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समीक्षा में पाया गया कि मलेरिया एवं डेंगू जांच और उपचार से संबंधित अद्यतन आंकड़े वेक्टर जनित रोग
पोर्टल पर समय से अपलोड नहीं किए जा रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला मलेरिया अधिकारी का वेतन अगले आदेश तक बाधित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जनपद के सभी निजी चिकित्सालयों द्वारा डेंगू एवं मलेरिया जांच की शत-प्रतिशत प्रविष्टियां यूडीएसपी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराई जाएं, ताकि रोग नियंत्रण एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके।
टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद की सभी प्रसव इकाइयों में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात का ई-कवच एवं यू-विन पोर्टल पर तत्काल पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सभी बच्चों एवं लाभार्थियों को पूर्ण टीकाकरण से आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया।
108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं की होगी औचक जांच
बैठक में 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी एंबुलेंसों का औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए,
ताकि उनमें उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, लॉजिस्टिक व्यवस्था एवं कर्मचारियों की कार्यस्थिति का सही मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं के रिस्पांस टाइम को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के निर्देश भी दिए।
सरकारी अस्पतालों में दवाओं की नहीं है कमी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बैठक में जानकारी दी कि जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल एवं उपकेंद्रों पर आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
कुष्ठ रोग उन्मूलन की दिशा में बढ़ रहा जनपद
कुष्ठ रोग कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान रोगियों की जांच संख्या कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जानकारी मांगी। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि
जनपद में वर्तमान समय में कुष्ठ रोगियों की संख्या अत्यंत कम है तथा अम्बेडकरनगर कुष्ठ रोग उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
निर्माण कार्यों की अलग से होगी समीक्षा
बैठक में चिकित्सा इकाइयों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को निर्देशित किया कि
निर्माणाधीन स्वास्थ्य परियोजनाओं की पृथक रूप से नियमित समीक्षा सुनिश्चित कराई जाए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




