रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद -सैय्यद| अम्बेडकरनगर (टांडा) 02 मई 2026: मई माह के प्रथम सप्ताह के शनिवार को टांडा तहसील सभागार में नवागत जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इस दौरान टांडा नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। नई जिलाधिकारी से त्वरित समाधान की उम्मीद में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम में उपस्थित फरियादियों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व से संबंधित मामलों के साथ-साथ हाल ही में आई आंधी के कारण बाधित हुई विद्युत आपूर्ति को लेकर भी कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए जा चुके हैं।
इसके अतिरिक्त, टांडा खास क्षेत्र में कथित रूप से गायब नक्शे के मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश देने की बात कही। वहीं टांडा रोडवेज परिसर में शौचालय व्यवस्था की भी जांच कराए जाने की बात कही गई।
जिलाधिकारी ने बताया कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें इन दा स्पाट 06 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है बाकी के निस्तारित के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को भेज दिया गया है जिसका समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।
इस दौरान नगर पालिका परिषद टांडा के सभासद मोहम्मद जाहिद छोटू, नसीम, एवं सभासद पूनम सोनी पति पिंटू सोनी द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के धीमी गति से हो रहे कार्य,
एवं टैक्सी स्टैंड ठेके में अनियमितता एक ही व्यक्ति को बार बार ठेका दिया जाना और नगर पालिका अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
जबकि पिछले वर्ष नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा टैक्सी स्टैंड का ठेका 72 लाख रूपए में दिया गया था वर्ष 2026 में 92 लाख रुपए में दिया गया है जो बीते वर्ष से 22 लाख अधिक बढ़ा कर दिया जाना बताया गया।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल नल योजना के अंतर्गत टांडा नगर क्षेत्र में बिछाई जा रहे वाटर सप्लाई पाइप लाइन का कार्य काफी धीमी गति से कार्य किया जा रहा है जिस पर भी जिलाधिकारी ने जांच करने की बात कही और कार्य में तेज़ी लाने का आश्वासन दिया।
वही जल जीवन मिशन कार्यदाई संस्था के द्वारा नगर क्षेत्र में बर्ती जा रही लापरवाही पर नगरक्षेत्र की सामाजिक संस्था पंख उड़ान एक उम्मीद के अध्यक्ष अंशू सिंह बग्गा के द्वारा लिखित शिकायती पत्र पर डीएम ने तत्काल कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील में स्थित महिला हेल्प डेस्क सहित अन्य टेबलों पर निरीक्षण किया और कार्य में प्रगति लाने का सख्त निर्देश दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य रूप से उपस्थित रहें मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, उपजिलाधिकारी टांडा डॉ. शशिशेखर, टांडा तहसीलदार गरिमा भार्गव,
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी, अलीगंज थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार सिंह, थाना इब्राहिमपुर उपनिरीक्षक सुमित कुमार, थाना अध्यक्ष बसखारी, थाना अध्यक्ष हंसवर,
अधिशाषी अभियंता मोहित कुमार, ब्लाक बीडीओ, नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा संजय जसवार, नगर पालिका परिषद टांडा राजस्व इंस्पेक्टर सलमान खान, अम्बेडकरनगर जनपद सूचना विभाग अधिकारी, सहित समस्त विभागो के अधिकारियों की मौजूदगी रही।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी दोहराया कि उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




