रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद- सैय्यद| अम्बेडकरनगर |01 जून 2026। आगामी वर्षा ऋतु एवं मानसून को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने जनपद के सभी नगर निकायों में सफाई व्यवस्था एवं जल निकासी तंत्र को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए
कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्सना बंधु, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा सत्यापन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून आगमन से पूर्व अपने-अपने क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी नालों की विशेष अभियान चलाकर
प्रभावी सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने नालेवार एवं तिथिवार कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी नालों की सफाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नालों की सफाई केवल औपचारिकता न रह जाए, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रत्येक नाले की सफाई के उपरांत सत्यापन समिति द्वारा
स्थल निरीक्षण कर सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने अब तक साफ किए जा चुके नालों का भी तत्काल सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्रीमती ईशा प्रिया ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। सभी नगर निकाय यह सुनिश्चित करें कि नालों में अवरोध न रहे।
तथा जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में नगर निकायों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।




