रिपोर्ट:News10plus| अम्बेडकरनगर। जनपद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कभी पारिवारिक विवाद में हत्या, तो कहीं रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना महरुआ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलावट में रविवार देर रात लगभग 11:30 बजे आशुतोष सिंह उर्फ शुभम सिंह पुत्र सत्यनारायण सिंह को उनके सगे चाचा द्वारा गोली मारकर घायल कर दिए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पीआरबी के माध्यम से थाना महरुआ पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी भीटी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता और हिंसा का कारण क्या है। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली ऐसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं।




