अम्बेडकरनगर : जड़ी-बूटी विक्रेता ने बेटी के ससुराल में युवती से दुष्कर्म किया, टाण्डा पुलिस ने किया गिरफ्तार।
कलयुगी ससुर गिरफ्तार: बेटी के ससुराल में युवती की अस्मत लूटी
रिपोर्ट:News10plusएडिटर| अम्बेडकरनगर। टाण्डा क्षेत्र से रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही बेटी के ससुराल में युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुभाष चन्द्र गौड़ उर्फ मखनचू, निवासी ग्राम लक्ष्मणपुर, थाना टाण्डा, जड़ी-बूटियों और देसी दवाइयों का काम करता है। उसकी बेटी की शादी पिछले साल टाण्डा क्षेत्र में हुई थी। इसी कारण उसका बेटी के ससुराल में लगातार आना-जाना था।
आरोप है कि इसी दौरान उसने ससुराल में मौजूद युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर टाण्डा कोतवाली पुलिस हरकत में आई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में एसआई मुनिमन रंजन दूबे, कांस्टेबल सरफराज, महेंद्र यादव और सत्यम कटियार की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 117/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि बेटी के ससुराल में सम्मान पाने वाले व्यक्ति ने ही रिश्तों की मर्यादा तार-तार कर दी।




