थाना कोतवाली टाण्डा पुलिस ने कुछ ही घंटों में खोजकर परिजनों को सौंपा बालक!
रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद- सैय्यद| अम्बेडकरनगर | टाण्डा | 12 मई 2026 पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली टाण्डा
पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए गुमशुदा हुए एक मासूम बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली टाण्डा क्षेत्र स्थित मदरसा नूरुल उलूम, फर्रुखाबाद पंथर में तालीम प्राप्त कर रहा 08 वर्षीय बालक मोहम्मद अनस पुत्र मोहम्मद शहंशाह,
निवासी ग्राम अशरफाबाद थाना खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर, बिना किसी को बताए मदरसे से कहीं चला गया था। घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली टाण्डा पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के कुशल नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिव बक्स सिंह, उपनिरीक्षक अजीत कुमार चौधरी, महिला उपनिरीक्षक वन्दना मौर्या तथा हेड कांस्टेबल फूलचन्द्र की टीम ने त्वरित खोजबीन अभियान शुरू किया।
पुलिस टीम की मुस्तैदी और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप गुमशुदा बालक मोहम्मद अनस को सुबह लगभग 08:40 बजे रामपुर बंजरहा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि बालक पूर्व में भी संतकबीरनगर स्थित एक मदरसे से बिना बताए जा चुका है। बालक के पिता मोहम्मद शहंशाह वर्तमान में सऊदी अरब में कार्यरत हैं, जबकि उसकी माता रुकसाना गांव पर ही रहती हैं।
बरामद बालक को उसके संरक्षक एवं मामा सद्दाम पुत्र करम नबी, निवासी ग्राम धनघटा थाना धनघटा जनपद संतकबीरनगर, को गवाहों तथा मदरसा संचालक वकील अहमद पुत्र महमूदुल हक, निवासी मोहल्ला हयातगंज थाना कोतवाली टाण्डा, की उपस्थिति में सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
थाना कोतवाली टाण्डा पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।




