राम मंदिर, विकास योजनाओं और विपक्ष पार्टी के नेताओं पर खुलकर बोले प्रभारी मंत्री, लालजी वर्मा को बताया ‘दलबदलू नेता'”
रिपोर्ट:News10plus| अम्बेडकरनगर|दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
न्यूज़ टेन प्ल्स से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को “12 साल बेमिसाल” बताते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और वर्ष 2027 में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने का दावा किया।
प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के ऐसे नेता हैं, जिनके प्रति जनता का सबसे अधिक विश्वास है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित “12 साल बेमिसाल” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरे देश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांवों में जाकर योजनाओं की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया जा रहा है। सोलर ऊर्जा योजना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिन घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं,
वहां बिजली के बिल में बड़ी राहत मिली है। राजभर ने स्वच्छ भारत मिशन को केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि 15 वर्ष पहले ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में शौच की समस्या आम थी, लेकिन आज इसमें लगभग 90 प्रतिशत तक कमी आई है।
उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में साफ-सफाई की स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।उन्होंने प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का भी उल्लेख किया और कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के बाद से अखिलेश यादव कभी वहां नहीं गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राम मंदिर का संचालन ट्रस्ट द्वारा किया जाता है और सरकार का उसमें कोई प्रत्यक्ष हस्तक्षेप नहीं है।राजभर ने कहा कि यदि ट्रस्ट की ओर से किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत की जाती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा एसआईटी गठित की जा चुकी है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
अम्बेडकरनगर से समाजवादी पार्टी के सांसद लालजी वर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए राजभर ने उन्हें “दलबदलू नेता” बताया। उन्होंने कहा कि जब तक बहुजन समाज पार्टी मजबूत थी, तब तक वह वहीं रहे और भविष्य में अवसर मिलने पर भाजपा में भी शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने दावा किया कि देश की राजनीति तेजी से बदल रही है और आने वाले समय में कई विपक्षी नेता भाजपा का दामन थाम सकते हैं।
अम्बेडकरनगर दौरे के दौरान ओमप्रकाश राजभर ने विकास, राम मंदिर, स्वच्छ भारत मिशन और विपक्षी राजनीति जैसे तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखी।
साथ ही उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की वापसी का भरोसा जताते हुए विपक्ष पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए।
ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान! राम मंदिर से लेकर अखिलेश यादव और लालजी वर्मा तक पर साधा निशाना। कहा- 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई।




