गोविंद साहब से विकास का होगा शंखनाद, टांडा, आलापुर और जलालपुर को मिलेगी नई रफ्तार
158 परियोजनाओं का लोकार्पण, 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास, सड़क, पेयजल, बिजली, पर्यटन व कौशल विकास को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
जनसभा को करेंगे संबोधित, पात्र लाभार्थियों को वितरित करेंगे स्वीकृति पत्र एवं प्रमाणपत्र
रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर|06 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जनपद अम्बेडकरनगर के दौरे पर रहेंगे। उनका प्रस्तावित कार्यक्रम तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर
स्थित पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल गोविंद साहब में आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जनपद को 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
इन परियोजनाओं के अंतर्गत 158 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन कार्यों से विधानसभा टांडा,
आलापुर और जलालपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, पर्यटन, कौशल विकास सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर
टांडा विधानसभा : 69 परियोजनाएं, लागत 217.69 करोड़ रुपये
आलापुर विधानसभा : 75 परियोजनाएं, लागत 312.18 करोड़ रुपये
जलालपुर विधानसभा : 50 परियोजनाएं, लागत 176.93 करोड़ रुपये
कुल 194 परियोजनाओं में से 36 परियोजनाओं (145.98 करोड़ रुपये) का शिलान्यास तथा 158 परियोजनाओं (560.83 करोड़ रुपये) का लोकार्पण किया जाएगा।
इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क, स्वच्छ पेयजल, मजबूत विद्युत व्यवस्था, पर्यटन विकास तथा रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे जनजीवन अधिक सुगम होने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
आलापुर विधानसभा में प्रमुख लोकार्पित कार्य
ओझानगर बड़ी पण्डौली पिच मार्ग से कठवत कोल गांव तक सम्पर्क मार्ग, एनएच-233 के किमी-162 से कनकपुर होते हुए रुस्तमपुर सम्पर्क मार्ग, मंझरिया सम्पर्क मार्ग, चकमसेना हरिजन बस्ती मार्ग, बधईपुर खास मार्ग,
रन्नूपुर बगिया खास मार्ग, समैसा सोनहू मार्ग, जैती हरिजन बस्ती मार्ग, गंगासागर खास मार्ग, नसीरपुर-छितौना हरिजन बस्ती मार्ग, किन्नूपुर एवं जोलहापुर हरिजन बस्ती सम्पर्क मार्ग सहित अनेक सड़क परियोजनाएं शामिल हैं।
टांडा विधानसभा में प्रमुख लोकार्पित कार्य
सेमरा नसीरपुर डिहवा सम्पर्क मार्ग, लखनपुर पण्डौलिया सम्पर्क मार्ग, वाहिद पट्टी खास सम्पर्क मार्ग, नौरहनी रामपुर बिहारी का पुरवा सम्पर्क मार्ग, बीबीपुर उसरा-भरौटी सम्पर्क मार्ग सहित अनेक ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
जलालपुर विधानसभा में प्रमुख लोकार्पित कार्य
बन्दीपुर रोड से जैतपुर दक्षिण पुरवा मार्ग का पुनर्निर्माण, नेवादा अमोला से उदया सम्पर्क मार्ग, आजनपारा-चकिया मार्ग, जमलापुर-चमरौट मार्ग, मालीपुर-धमरूआ-नेमपुर घाट मार्ग तथा मालीपुर-जलालपुर-रामगढ़ मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी।
जनसभा को करेंगे संबोधित, लाभार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र एवं लाभ वितरण भी करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
डीएम ईशा प्रिया ने तैयारियों का लिया जायजा
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पेयजल,
स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की गई है। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन एवं लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रदेश सरकार की इन विकास परियोजनाओं से अम्बेडकरनगर में आधारभूत संरचना मजबूत होगी, पर्यटन और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।




