रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर | 07 अगस्त 2026 गोविंद साहब की पावन धरती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान जनपद अम्बेडकरनगर को ₹706 करोड़ से अधिक लागत की 194 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिली।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं चेक वितरित कर सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम से सड़क, बुनियादी ढांचे, जनकल्याण और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोविंद साहब धाम में सभा को किया संबोधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोविंद साहब धाम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में जब मैं आया था, उसके बाद यहां की जनता ने धर्मराज निषाद को चुनकर भारतीय जनता पार्टी से विधायक बनाया। इसके बाद एक अन्य कार्यक्रम के पश्चात आज मुझे पहली बार गोविंद साहब धाम आने का अवसर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि गोविंद साहब धाम अत्यंत पवित्र स्थल है, जो सैकड़ों वर्षों से आध्यात्मिक केंद्र बिंदु के रूप में स्थापित है। यह पवित्र धाम हम सभी को अपनी विरासत से जुड़ने की नई प्रेरणा प्रदान कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब उन्होंने गोविंद साहब की पवित्र समाधि के दर्शन किए और नवनिर्मित राम-जानकी मंदिर में दर्शन-पूजन किया, तो उन्हें यहां एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हुई।
उन्होंने कहा कि माघ महीने में गोविंद साहब धाम में बहुत बड़ा मेला लगता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। कड़ाके की ठंड और सर्दी की ठिठुरन के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और अपनी विरासत के प्रति समर्पण उन्हें यहां खींच लाता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा करते हुए कहा कि गोविंद साहब का यह मेला अब राजकीय मेले के रूप में मान्यता प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा तथा गोविंद साहब धाम को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
लोकतंत्र की तीनों संस्थाओं की अपनी-अपनी लक्ष्मण रेखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम लोकतांत्रिक व्यवस्था में निवास करते हैं। लोकतंत्र की तीन महत्वपूर्ण आधारशिलाएं हैं—विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका। तीनों के अपने-अपने क्षेत्र और सीमाएं निर्धारित हैं तथा तीनों की अपनी-अपनी लक्ष्मण रेखाएं हैं।
उन्होंने कहा कि तीनों संस्थाएं एक-दूसरे के साथ समन्वय करते हुए कार्य करती हैं और मिलकर देश एवं प्रदेश के विकास को गति प्रदान करती हैं।
59 हजार करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी विधानसभा का सत्र चल रहा था। विधानसभा में सरकार द्वारा 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने कहा कि सामान्यतः सत्ता पक्ष और सहयोगी दलों के विधायक तो बजट पर चर्चा करते ही हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि विपक्ष के लोग भी इसमें रुचि लेंगे, क्योंकि इस अनुपूरक बजट में प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, अन्नदाता किसानों की उन्नति, आधी आबादी यानी महिलाओं के स्वावलंबन तथा गरीबों के कल्याण के लिए योजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गरीबों के कल्याण के लिए नए आयोजन और नए कार्यक्रम शुरू किए जाएं तथा प्रदेश के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
सपा सरकार पर मुख्यमंत्री का तीखा हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अम्बेडकरनगर से जुड़ी तीनों विधानसभा सीटों के संदर्भ में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हर जिले में एक-एक माफिया हुआ करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय दंगाइयों और अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था तथा ऐसे लोगों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था।

मुख्य आकर्षण
₹706 करोड़+ की विकास परियोजनाएं 194 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र व चेक वितरण जनकल्याणकारी योजनाओं को मिला नई गति का संदेश!




