रिपोर्टNews10plus एडिटर मोहम्मद राशिद – सैय्यद| अम्बेडकरनगर | टांडा में प्यार को चुनकर घर छोड़ने वाली चंदा की कहानी का अंत रुला देने वाला रहा.
सात साल पहले परिवार के खिलाफ जाकर सोनू संग लखनऊ के आर्य समाज मंदिर में शादी करने वाली चंदा का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला. आरोप उसी पति पर है जिसके लिए उसने दुनिया छोड़ी थी.
टाण्डा कोतवाली के एसएसआई शिव बख्स सिंह ने मृतका को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति सोनू निवासी तेन्दुआ खास को धर्मनगर ओवरफ्लाई के पास से पकड़कर जेल भेज दिया. सोनू पर आरोप है कि वह चंदा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था.
मृतका के पिता राजेश का आरोप है कि शादी के बाद एक बेटा होने के बावजूद सोनू का बर्ताव बदल गया. वह चंदा को मायके वालों से मिलने और बात करने से भी रोकता था. मारपीट रोज की बात हो गई थी. चंदा छिपकर मायके फोन कर अपना दर्द बताती थी.
1 मई को तबीयत बिगड़ने पर चंदा मायके आई थी. 6 मई को देवर उसे वापस ले गया और 7 मई की सुबह उसका शव घर की ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला.
उस दिन भी उसने रोज की तरह बेटे को तैयार कर स्कूल भेजा था. पोस्टमार्टम के बाद शव के अंतिम संस्कार को लेकर दोनों परिवारों में भारी विवाद भी हुआ था.
एसपी प्राची सिंह के आदेश पर टाण्डा पुलिस ने केस संख्या 115/26, धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया. एसएसआई शिव बख्स सिंह ने कांस्टेबल भूपेंद्र यादव व मोहित कुमार के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया.




