रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद- सैय्यद| अम्बेडकरनगर | सोमवार, 26 अप्रैल 2026 जनपद में आयोजित होमगार्ड स्वयंसेवक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने तीसरे एवं अंतिम दिन भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु भी मौजूद रहीं।
जिलाधिकारी ने डॉ. जी.के. जेटली इंटर कॉलेज, अकबरपुर सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर क्लॉक रूम, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं परीक्षा कक्षों का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने सुरक्षा एवं पारदर्शिता से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर बोर्ड द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
तीसरे दिन की परीक्षा जनपद के सभी 09 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। सभी नामित मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
इस अवसर पर संबंधित मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।




