रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद(सैय्यद) अम्बेडकरनगर | 30 जून 2026 जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, घायलों को त्वरित सहायता तथा सड़क सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
गोल्डन आवर में मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के दौरान समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को राहबीर योजना के अंतर्गत सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाए।
इसके लिए सभी सरकारी एवं निजी अस्पताल दुर्घटना पीड़ित को पहुंचाने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज करेंगे। संबंधित थाना यह विवरण प्राप्त कर पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करेगा।
ब्लैक स्पॉट्स पर प्राथमिकता से होंगे सुरक्षा कार्य
डीएम ने जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, कैट्स-आई, क्रैश बैरियर सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा
उपकरण प्राथमिकता के आधार पर स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
स्कूल वाहनों की होगी सघन जांच
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी विद्यालयों में संचालित बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों का सुरक्षा मानकों के अनुसार
शीघ्र सत्यापन कराया जाए। साथ ही वाहनों की फिटनेस, परमिट, चालक की पात्रता एवं अन्य सभी आवश्यक मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षित पार्किंग और बेहतर यातायात पर जोर
मार्गवार सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों सहित प्रमुख सड़कों पर आवश्यक सुरक्षा संकेतक
लगाए जाएं तथा सड़क किनारे वाहनों की सुरक्षित पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारु रहे और दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम हो।
बैठक में रहे ये अधिकारी उपस्थित
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय एवं निर्माण खंड), जिला मिशन प्रबंधक
(एनआरएलएम), जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




