रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर विश्व प्रसिद्ध दरगाह हज़रत सैय्यद मख़दूम अशरफ जहांगीर सिमनानी के 640वें उर्स-ए-मुकद्दस के अवसर पर 27 एवं 28 मोहर्रमुलहराम को आस्था, अकीदत और रूहानियत का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला।
देश-विदेश से लाखों की संख्या में पहुंचे जायरीनों ने दरगाह पर हाज़िरी देकर अपनी दिली मुरादों की पूर्ति और मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी। उर्स के सबसे अहम अवसर पर दरगाह के सज्जादानशीन एवं मुतवल्ली सैय्यद मोहीउद्दीन अशरफ ने परंपरा के अनुसार लहदखाने से खिरका मुबारक धारण किया।
सिर पर अमामा, हाथ में छड़ी और शानो-शौकत के साथ वे हर वर्ष की भांति जुलूस की शक्ल में सहन-ए-आस्ताना पहुंचे, जहां उन्होंने निर्धारित रस्मों की अदायगी कर विशेष दुआएं कीं।
जुलूस के दौरान आगे-आगे मलंग आलम शाह एवं फुकराओं की टोली पारंपरिक करतब प्रस्तुत करते हुए “या मख़दूम अशरफ” और “नारा-ए-हैदरी” के उद्घोष के साथ माहौल को रूहानी रंग में रंगती रही। इस दौरान पूरा दरगाह परिसर अकीदतमंदों के नारों और इबादत की सदाओं से गूंज उठा।
सहन-ए-आस्ताना पहुंचने के बाद सज्जादानशीन ने उर्स में आए सभी जायरीनों की दिली हाजत पूरी होने, मुल्क में अमन-चैन, भाईचारा, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
उन्होंने विशेष रूप से जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मेहनत की सराहना करते हुए उनके स्वास्थ्य, तरक्की, परिवार की खुशहाली और सलामती के लिए भी दुआ की।
अपने संबोधन में सज्जादानशीन सैय्यद मोहीउद्दीन अशरफ ने कहा कि 28 मोहर्रमुल हराम का दिन अत्यंत अज़ीम और बरकत वाला दिन है। इसी दिन सरकार मख़दूम अशरफ ने पर्दा फरमाया था।
उन्होंने कहा कि इस मुबारक मौके पर सच्चे दिल से की गई दुआ और मुरादें अल्लाह तआला अपने नेक बंदे के सदके कबूल फरमाता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्था की और सराहना करते हुए कहा कि
सुरक्षा बलों ने पूरी निष्ठा और मेहनत से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं, जिससे लाखों जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
इस अवसर पर सहन-ए-आस्ताना में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दानिश आजाद अंसारी ने दरगाह पहुंचकर
चादरपोशी व जियारत की तथा सज्जादानशीन सैय्यद मोहीउद्दीन अशरफ का अभिवादन किया। उन्होंने गागर की रस्म में भी सहभागिता करते हुए प्रदेश और देश में अमन, शांति, भाईचारे तथा विकास की दुआ मांगी।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सीओ सिटी अकबरपुर नीतीश कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष बसखारी भूपेंद्र सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन की कमान संभालते हुए कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया।
इस अवसर पर दरगाह कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद अज़ीज़ अशरफ, सदस्य सैय्यद फैज़ान अशरफ (चाँद मियां), सैय्यद मेराजुद्दीन अशरफ, सैय्यद खालिक अशरफ,
सैय्यद सेराज अहमद (गुड्डू), नफीस अहमद सिद्दीकी, सईम अहमद, दरगाह कमेटी के वालंटियर, खानवादा-ए-अशरफिया तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और जायरीन मौजूद रह।




