रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद- सैय्यद| अम्बेडकरनगर | 04 जून 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
गौरतलब है कि यह परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, छाया, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पुनः निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करें।
डीएम ईशा प्रिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाएगा। परीक्षा संबंधी सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को
भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन और एसओपी का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त पेयजल एवं छायादार व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की सुरक्षा और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की नकल, अवांछित गतिविधि अथवा
कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयास पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सघन निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्स्ना बंधु, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
“निष्पक्ष परीक्षा, सुरक्षित परीक्षा” के संकल्प के साथ जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।




