रिपोर्ट:News10plus | अम्बेडकरनगर (टांडा)। जनपद की तहसील टांडा में चेहलुम के अवसर पर कर्बला के 72 शहीदों एवं शहीद-ए-आज़म हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में नगर भर में अकीदत और गम का माहौल रहा।
विभिन्न अंजुमनों द्वारा अलम, ताबूत की शबीह और ताज़िया के साथ नौहाख्वानी, सीना-ज़नी एवं ज़ंजीर का मातम करते हुए पारंपरिक जुलूस निकाले गए, जो शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।
बीती रात्रि मोहल्ला हयातगंज और मीरानपुरा की संयुक्त अंजुमनों ने अलम एवं ताबूत की शबीह के साथ गमगीन माहौल में चेहलुम का जुलूस निकाला। जुलूस हयातगंज से बरामद होकर अपने परंपरागत मार्गों से होता हुआ
नौहा मातम करते हुए संयुक्त अंजुमने👇
मीरानपुरा स्थित राजा के मैदान पहुंचा, जहां धार्मिक रस्मों के साथ सकुशल संपन्न हुआ। पूरे जुलूस के दौरान नौहाख्वानी, सीना-ज़नी और ज़ंजीर का मातम किया गया।
इससे पूर्व नगर के मोहल्ला मीरानपुरा स्थित राजा मोहम्मद रज़ा कोठी से अंजुमन हुसैनिया मीरानपुरा ने प्रातः लगभग 10 बजे चेहलुम का ताज़िया जुलूस निकाला, जो दोपहर लगभग 3 बजे आसोपुर स्थित कर्बला शाहबाग़ में सम्पन्न हुआ।
वहीं शाम लगभग 4 बजे नगर के सकरावल शिया टोला से भी ताज़िया जुलूस निकाला गया, जो निर्धारित मार्ग से होते हुए कर्बला शाहबाग़ पहुंचकर संपन्न हुआ।
इसके बाद रात्रि में अंजुमन सिपाहे हुसैनी हयातगंज द्वारा चेहलुम का अंतिम जुलूस निकाला गया, जो देर रात्रि लगभग 12 बजे शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।
सभी धार्मिक आयोजनों के दौरान कोतवाली टांडा प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं महिला पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होने से सभी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए।
जुलूस सम्पन्न होने के उपरांत हयातगंज निवासी स्वर्गीय शफीक के आवास पर उनके पुत्र मोहम्मद शमीम द्वारा नज़र-ए-मौला के तहत विभिन्न अंजुमनों के सदस्यों एवं अकीदतमंदों के लिए भोजन (नियाज़) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।




