शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच, अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग!
News10plus पर सम्पर्क सूत्र की रिपोर्ट: टांडा (अंबेडकरनगर)। टांडा नगर के मोहल्ला मीरानपुरा (घसियारी टोला) स्थित गाटा संख्या-2579 की सरकारी नजूल भूमि पर कथित रूप से टिनशेड रखकर
अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सरकारी भूमि पर कब्जा किए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायत के अनुसार, नगर पालिका परिषद टांडा के पूर्वी दिशा में स्थित उक्त सरकारी नजूल भूमि पर कुछ लोगों द्वारा टिनशेड स्थापित कर कब्जा किया गया है।
साथ ही सरकारी भूमि से मिट्टी की खुदाई कराए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह सब संबंधित कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से हुआ, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रदेश सरकार द्वारा नजूल भूमि के संबंध में यथास्थिति बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश जारी हैं। इसके बावजूद सरकारी भूमि पर
कथित अतिक्रमण किए जाने को नियमों की अनदेखी बताया गया है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि नगर क्षेत्र की अन्य नजूल भूमियों पर भी पूर्व में इसी प्रकार के अतिक्रमण की शिकायतें सामने आती रही हैं।

पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
वहीं, नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नोट: —– News10plus पर प्रकाशित यह समाचार उपलब्ध शिकायतों, प्राप्त सूचनाओं एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में वर्णित तथ्यों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि News10plus द्वारा नहीं की गई है। ——
इसका उद्देश्य केवल संबंधित विभाग एवं सक्षम अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करना है, ताकि वे मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक एवं नियमानुसार कार्रवाई कर सकें।




