रिपोर्ट:News10Plusएडिटर मोहम्मद राशिद -सैय्यद| अम्बेडकरनगर, टांडा। विधानसभा क्षेत्र टांडा के ग्राम कोड़रा में मंगलवार सुबह मेंथा ऑयल निकालने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया।
मेंथा ऑयल प्रसंस्करण मशीन की टंकी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोड़रा में खेत पर मेंथा ऑयल की पेराई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मशीन की टंकी में अचानक अत्यधिक दबाव
बनने से जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस हादसे में राम उजागिर वर्मा, राम पती वर्मा एवं सुदीप वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया,
जहां प्राथमिक उपचार के बाद राम उजागिर वर्मा और राम पती वर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर घायलों के बेहतर एवं शीघ्र उपचार के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और घायलों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि हादसा मशीन में तकनीकी खराबी या टंकी में अत्यधिक दबाव बनने के कारण हुआ होगा।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और मशीनों के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर चिंतित हैं।
मुख्य बिंदु
कोड़रा गांव में मेंथा ऑयल मशीन की टंकी फटने से बड़ा हादसा, एक ही परिवार के तीन लोग घायल, दो घायलों की हालत गंभीर, उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर विधायक राममूर्ति वर्मा ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर लिया हालचाल, तकनीकी खराबी या अधिक दबाव को माना जा रहा हादसे का कारण!




