रिपोर्ट: मोहम्मद राशिद सैय्यद|
अम्बेडकरनगर। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए न्यूज़ टेन प्ल्स की टीम ने महात्मा ज्योतिबा फुले संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों की संख्या काफी अधिक दिखाई पड़ी, वहीं चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी मरीजों के उपचार में पूरी तत्परता के साथ जुटे हुए मिले।
जिला अस्पताल में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, ओ.आर.एस. के लिए एक प्वाइंट बनाए गए हैं जहां पर वाटर कूलर में ओ.आर.एस. घोल कर रखा गया है जो धूप में चल कर आए हुए मरीजों के लिए है,
तथा मरीजों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती दिखाई दीं। अस्पताल में सीटी स्कैन, सामान्य एक्स-रे, डिजिटल एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक
चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. पी.एम. यादव स्वयं अल्ट्रासाउंड करते हुए मिले।
न्यूज़ टेन प्ल्स एडिटर से बातचीत में डॉ. यादव ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी और हीटवेव के दौरान अधिक से अधिक पानी पीएं, तरल पदार्थों का सेवन करें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
उन्होंने बताया कि हीटवेव प्रभावित मरीजों के लिए अस्पताल में 6 विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं तथा आवश्यक दवाओं और चिकित्सकों की टीम की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
सीएमएस ने बताया कि अस्पताल परिसर की प्रतिदिन तीन बार नियमित सफाई कराई जाती है। मरीजों और तीमारदारों के लिए शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है,
जिसके लिए लगभग 18 फ्रीजर लगाए गए हैं। प्रतिदिन अस्पताल में लगभग 1500 से 1600 मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जबकि इमरजेंसी वार्ड में औसतन 80 मरीज प्रतिदिन भर्ती किए जाते हैं।
अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में डॉ. यादव ने बताया कि जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार गंभीर और सजग हैं।
वह समय-समय पर जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, बेड प्रबंधन और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देती रहती हैं।
साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
इन्हीं सतत प्रयासों और प्रशासनिक निगरानी का परिणाम है कि वर्तमान समय में जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित दिखाई दे रही हैं।




