हेड ऑफ प्रोजेक्ट राजीव कुमार सिन्हा ने किया ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद(सैय्यद) अम्बेडकरनगर। एनटीपीसी टांडा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में एनटीपीसी परिवार के सदस्यों, कर्मचारियों, उनके परिजनों, विद्यालयों के विद्यार्थियों-शिक्षकों तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुआ। इसके पश्चात श्री राजीव कुमार सिन्हा, हेड ऑफ प्रोजेक्ट, एनटीपीसी टांडा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने पूरे सम्मान और उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने गौरव एवं सम्मान की अभिव्यक्ति की।
समारोह में एनटीपीसी के वरिष्ठ प्रबंधन, अधिकारीगण, कर्मचारी, संविदाकर्मी, गरिमा महिला मंडल की सदस्याएं, टांडा टाउनशिप स्थित विद्यालयों के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण तथा आसपास के गांवों के लोग मौजूद रहे।
राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री राजीव कुमार सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को राष्ट्र की निरंतर प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा, जिम्मेदारी, एकता और समर्पण जैसे मूल्यों को आत्मसात करके ही देश को और मजबूत बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण किसी एक व्यक्ति या संस्था का कार्य नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयास है। प्रत्येक नागरिक की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी के संयुक्त प्रयासों से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। एनटीपीसी टांडा परिवार एवं टाउनशिप स्थित विद्यालयों के विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां पेश कीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की शानदार झलक देखने को मिली। प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय में राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना को और मजबूत कर दिया।
समारोह के समापन पर एनटीपीसी टांडा परिवार की एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र की प्रगति में निरंतर योगदान देने की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी सहयोग एवं साझा जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।




