रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद- सैय्यद| अम्बेडकरनगर|11 मई 2026 भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व”
का जनपदीय मुख्य कार्यक्रम सोमवार को शिव बाबा धाम में अत्यंत भव्य, दिव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में माननीय सदस्य विधान परिषद श्री हरिओम पांडेय, जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु,
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र सम्मान के प्रतीक
सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक गाथा को स्मरण करते हुए सामूहिक रूप से राष्ट्रभक्ति, आत्मगौरव और सनातन परंपरा का संदेश दिया। जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी शिवालयों में स्वच्छता, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं
की विशेष व्यवस्था की गई थी।कार्यक्रम के दौरान गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ ज्योतिर्लिंग से माननीय प्रधानमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तथा वाराणसी में माननीय मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में
आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण श्रद्धालुओं को दिखाया गया, जिसे लोगों ने अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ देखा।शिव बाबा धाम में निकाली गई भव्य कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं,
युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं विद्यालयों में निबंध लेखन, रंगोली प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास किया गया।
अपने संबोधन में माननीय सदस्य विधान परिषद श्री हरिओम पांडेय सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की आत्मगौरव, संघर्ष,
पुनर्निर्माण और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। प्रभास पाटन, गुजरात स्थित विश्वविख्यात सोमनाथ मंदिर सदियों से भारतीय सभ्यता, आस्था और पुनर्जागरण का अमर प्रतीक रहा है,
जिसने पूरे राष्ट्र को एकता, आत्मबल और स्वाभिमान का संदेश दिया है।जनपद अम्बेडकरनगर में भी यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति, उत्साह और व्यापक जनसहभागिता के साथ ऐतिहासिक रूप में संपन्न हुआ।




