रिपोर्ट: एडिटर मोहम्मद राशिद -सैय्यद| अम्बेडकरनगर | 27 अप्रैल 2026 बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनटीपीसी टांडा स्थित आरोग्यम अस्पताल द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए
14–15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गरिमा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती संघमित्रा परिदा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मार्कंडेय प्रसाद, यूएनडीपी के प्रतिनिधि श्री प्रशांत श्रीवास्तव एवं उनकी टीम, तथा गरिमा महिला मंडल की अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।
आरोग्यम अस्पताल की वरिष्ठ परामर्शदाता स्त्री एवं प्रसूति रोग एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा पांडेय ने अपने संबोधन में एचपीवी टीकाकरण के
महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है और किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस शिविर के दौरान कुल 20 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती संघमित्रा परिदा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं
निवारक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों को जारी रखने की अपेक्षा जताई।
यह पहल न केवल बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और महिला
सशक्तिकरण को मजबूत करने का एक सराहनीय प्रयास भी है। एनटीपीसी टांडा की यह पहल निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।




