रिपोर्ट – News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद| अम्बेडकरनगर। जनपद के थाना कोतवाली टांडा क्षेत्र के ग्राम जनार्दनपुर में 03 मार्च 2026 को फर्नीचर व्यवसायी सुरेंद्र मांझी की हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के सम्बन्ध में टांडा कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी शुभम कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं और जल्द खुलासा करने का दावा किया था।
इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नेशनल हाईवे पर हसनपुर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।
अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाए पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए टांडा सीएचसी भेजा है। उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल हत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी चंदू (निवासी छांगुरपुर मिश्रौलिया) जुआ खेलने का आदी था और भारी कर्ज में डूबा हुआ था। सुरेंद्र मांझी लकड़ी के व्यापारी थे। कर्ज से परेशान चंदू ने उन्हें लूटने की साजिश रची। वह बार-बार सुरेंद्र मांझी को फोन कर सुनसान जगह बुलाता था, लेकिन हर बार मांझी के साथ किसी को देखकर फोन बंद कर देता था।
आखिर 3 मार्च को सुरेंद्र मांझी अकेले पहुंच गए और पहले से बनाई योजना के तहत चंदू और अरविंद प्रजापति ने जनार्दनपुर गांव में उनकी हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद चंदू ने लालच में अपना “प्लान-बी” भी लागू कर दिया। लूट के सामान में हिस्सा न देना पड़े, इसलिए उसने साथी अरविंद प्रजापति को जहरीली शराब पिला दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। बाद में पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए अरविंद का शव आकूतपुर नहर के पास फेंक दिया गया।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी चंदू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो सोने की चेन, एक तमंचा, एक खोखा और 64 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।




