उप-शीर्षक
हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रशासनिक भवन परिसर से निकली रैली | अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों एवं संविदा कर्मियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा!
रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद (राशिद) अम्बेडकरनगर। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एनटीपीसी टांडा में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
प्रशासनिक भवन परिसर से निकली इस रैली में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सीआईएसएफ के अधिकारी-जवान, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।रैली का नेतृत्व राजीव कुमार सिन्हा,
परियोजना प्रमुख (एचओपी) एनटीपीसी टांडा ने किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में शामिल प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। देशभक्ति के नारों और प्रेरणादायक गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति नागरिकों के भावनात्मक जुड़ाव और गौरव को मजबूत करने वाला जनअभियान है।
उन्होंने एनटीपीसी के सभी कर्मचारियों एवं टाउनशिप के निवासियों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
रैली प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर एनटीपीसी परिसर के विभिन्न हिस्सों से गुजरी। हाथों में लहराते तिरंगे, देशभक्ति के नारों और गीतों ने पूरे वातावरण में उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति का संचार कर दिया।
एनटीपीसी टांडा की यह पहल हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने तथा राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।




