रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद-सैय्यद| अम्बेडकरनगर | 22 मई 2026 भीषण गर्मी एवं हीट वेव के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने ज्वाइंट
मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा सिंह के साथ संयुक्त जिला चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, एआरवी कक्ष, एसएनसीयू, आर्थो एवं जनरल वार्ड सहित ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने हीट वेव से बचाव हेतु अस्पताल में
ओआरएस, स्वच्छ पेयजल, वाटर कूलर, कूलर एवं अन्य आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। साथ ही मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, भोजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
ट्रामा सेंटर में साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित सफाई कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं एसएनसीयू एवं जनरल वार्ड में
मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पंखे, बेंच एवं कूलर लगाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि हीट वेव के दौरान अस्पतालों में ओआरएस, पेयजल, शीतलन व्यवस्था एवं सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ पीएन यादव सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।




