28,836 किशोरियों के लक्ष्य के सापेक्ष 22,158 को लगा एचपीवी टीका, आज विशेष अभियान में 800 से अधिक किशोरियों का टीकाकरण
रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर | 08 अगस्त 2026 | किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में जनपद अम्बेडकरनगर में ह्यूमन पैपिलोमावायरस
टीकाकरण अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। 01 अप्रैल से 31 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र किशोरियों के टीकाकरण के साथ-साथ उन्हें एवं उनके अभिभावकों को जागरूक भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने बताया कि जनपद में 28,836 किशोरियों के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 22,158 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं, 08 अगस्त 2026 को विशेष प्रयासों के तहत 800 से अधिक किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण अभियान में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अम्बेडकरनगर मंडल में प्रथम तथा पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण करने के लिए लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण का प्रमुख उद्देश्य किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमावायरस से होने वाले संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना तथा भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करना है। निर्धारित आयु में एचपीवी टीकाकरण संक्रमण से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रदान करता है।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा विकासखंड अकबरपुर के विभिन्न टीकाकरण सत्र स्थलों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाए जा रहे टीकाकरण सत्र
जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा अन्य निर्धारित सत्र स्थलों पर HPV टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें पात्र किशोरियों एवं उनके अभिभावकों को HPV टीकाकरण के महत्व, इसके लाभ और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के संबंध में जानकारी देकर जागरूक कर रही हैं। विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र किशोरी इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान से वंचित न रहे।
अभिभावकों से टीकाकरण कराने की अपील
जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों का समय से HPV टीकाकरण अवश्य कराएं। यह अभियान किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, विद्यालयों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का आह्वान किया है।
मुख्य तथ्य एक नजर में
अभियान अवधि: 01 अप्रैल से 31 अगस्त 2026. लक्षित आयु वर्ग: 14 से 15 वर्ष की किशोरियां, कुल लक्ष्य: 28,836. अब तक टीकाकरण: 22,158 किशोरियां, 08 अगस्त को टीकाकरण: 800 से अधिक किशोरियां, अम्बेडकरनगर की स्थिति: मंडल में प्रथम, प्रदेश में द्वितीय!




