रिपोर्ट:News10plus मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर | 01 अगस्त 2026। जनपद में अमृत सरोवरों को जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण पर्यटन एवं जनसुविधाओं के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने शनिवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा जनोपयोगी सुविधाओं के विस्तार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तहसील टांडा के विकासखंड बसखारी अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्रैया एवं ग्राम पंचायत बेलापरसा स्थित अमृत सरोवरों का निरीक्षण करते हुए
जिलाधिकारी ने सरोवरों के चारों ओर आकर्षक पाथवे बनाने, बैठने के लिए बेंच स्थापित करने तथा बच्चों के लिए खेल उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश डीसी वीबी रामजी को दिए।
उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीणों के लिए स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किए जाएं। इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर स्थित ग्राम पंचायत रामपुर इंडीपिंडी के अमृत सरोवर का निरीक्षण किया।
उन्होंने नालियों का पानी सीधे सरोवर में जाने से रोकने के लिए सोकपिट निर्माण कराने तथा सरोवर का समुचित सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जल की गुणवत्ता और स्वच्छता बनी रहे।
भ्रमण के दौरान विकासखंड रामनगर की ग्राम पंचायत इंदईपुर स्थित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने इसे और अधिक स्वच्छ, आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कहा कि अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य केवल जल संरक्षण नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक सौंदर्य और ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक उपयोगिता को बढ़ावा देना भी है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




