रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद(सैय्यद) अम्बेडकरनगर | 27 जुलाई 2026 विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत जनपद अम्बेडकरनगर के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य,
स्वच्छता एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित जीवनशैली तथा रोगों की रोकथाम के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहितीपुर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के लिए सामूहिक जागरूकता शपथ दिलाई गई।
वहीं राजकीय हाईस्कूल अशरफपुर बरवा में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को मच्छरजनित एवं जलजनित रोगों, उनके लक्षण, बचाव के उपाय तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी गई। इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीटी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अकबरपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तेंदुआ कला,
राजकीय बालिका हाईस्कूल कहारा सुलेमपुर, राजकीय बालिका हाईस्कूल फरीदपुर कुतुब (टांडा), राजकीय बालिका हाईस्कूल रतना (भियांव) तथा राजकीय बालिका हाईस्कूल अहिरौली रानी मऊ में जागरूकता गोष्ठियां, शपथ ग्रहण, अंत्याक्षरी एवं संवादात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान छात्राओं को संचारी रोगों के कारण, लक्षण, बचाव के प्रभावी उपाय, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता का महत्व तथा डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और जलजनित बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त रामबाबा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रामबाबा तथा रामनाथ परमात्मा प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पतौना में भी विशेष शपथ ग्रहण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों से प्राप्त जानकारी को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को जन-जन तक प्रभावी बनाया जा सके।
जनपद में संचालित यह अभियान विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं जनजागरूकता का मजबूत संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।




