एक लाख रुपये की साइबर ठगी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, न्यायालय के आदेश के बाद पीड़ित को मिली आंशिक धनवापसी; पुलिस ने जारी की महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा सलाह।
रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर|25 जुलाई 2026 साइबर क्राइम पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित के खाते में ₹50,000 (पचास हजार रुपये वापस कराकर सराहनीय सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी आलापुर के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम थाना लगातार साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं जनजागरूकता अभियान चला रहा है।
इसी क्रम में योगेन्द्र प्रताप निषाद, निवासी मालीपुर, थाना मालीपुर, जनपद अम्बेडकरनगर द्वारा शिकायत संख्या 33106260128166 साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई गई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते से उनकी जानकारी के बिना ₹1,00,000 की धनराशि साइबर ठगी के माध्यम से निकाल ली गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धनराशि को होल्ड कराया। इसके उपरांत माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ₹50,000 की धनराशि सफलतापूर्वक शिकायतकर्ता के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता एवं उनके परिजनों ने अम्बेडकरनगर साइबर क्राइम पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की।
साइबर सुरक्षा संदेश
अपना बैंक खाता किसी भी व्यक्ति को लालच, कमीशन या किसी अन्य कारण से उपयोग के लिए न दें। बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
यदि आपके खाते से धोखाधड़ी के माध्यम से धनराशि निकल जाए तो बिना विलंब 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें। साथ ही cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर शिकायत संख्या के साथ अपने निकटतम पुलिस थाने अथवा साइबर क्राइम थाने से तत्काल संपर्क करें।




