रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद(सैय्यद) अम्बेडकरनगर। आगामी 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाले पावन श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अम्बेडकरनगर पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पूरे जनपद को 2 सुपर जोन, 8 जोन एवं 78 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बनाए रखी जा सके।
पुलिस द्वारा जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिव मंदिरों, घाटों, नदी-सरोवरों एवं जलाशयों का निरीक्षण किया गया है। साथ ही 399 कांवड़ समितियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डीजे संचालकों के साथ भी बैठक कर ध्वनि नियंत्रण एवं प्रशासनिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ मार्ग पर स्थित मांस-मछली की दुकानों, होटल एवं ढाबा संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर पालिका, नगर पंचायत, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र जनपद के 179 प्रमुख शिव मंदिरों, 37 घाटों एवं नदी-सरोवरों, 15 मेला स्थलों तथा 53 शोभायात्राओं पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जलाशयों पर सुरक्षा के लिए 44 प्रशिक्षित गोताखोर एवं 30 नाविक तैनात किए गए हैं। वहीं किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु 196 आपदा मित्र भी तैनात रहेंगे, जो प्रशासन, एसडीआरएफ एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 72 पड़ाव स्थलों तथा 6 प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 5 प्रमुख डायवर्जन एवं 7 बैरियर स्थापित किए गए हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण बनाने में सहयोग करे!




