किसानों को खाद के लिए नहीं होने दी जाएगी परेशानी, फार्मर रजिस्ट्री बनवाकर तत्काल उपलब्ध कराएं उर्वरक
रिपोर्ट:News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद- सैय्यद| अम्बेडकरनगर | 06 जून 2026। जनपद में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से
जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय उर्वरक समिति, धरती माता बचाओ समिति एवं जनपद स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी किसान को उर्वरक प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समितियों के सचिवों एवं
खाद विक्रेताओं से कहा कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, उन्हें निकटतम पंचायत सहायक, जन सेवा केंद्र या कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों के सहयोग से तत्काल रजिस्ट्री कराकर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
जनपद में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार
बैठक में जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूरिया एवं फास्फेटिक उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जून माह तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति प्राप्त हुई है तथा वितरण के बाद भी सहकारिता एवं निजी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में खाद उपलब्ध है।
वर्तमान उपलब्धता के अनुसार जनपद में—
यूरिया – 19,801 मीट्रिक टन डीएपी – 4,879 मीट्रिक टन एनपीके – 3,244 मीट्रिक टन एसएसपी – 15,523 मीट्रिक टन एमओपी – 127 मीट्रिक टन का भंडार मौजूद है।
किसानों को निर्धारित मात्रा में ही मिलेगा उर्वरक
जिला कृषि अधिकारी ने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी कृषि भूमि के आधार पर निर्धारित मात्रा में ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। प्रति कृषक अधिकतम—
डीएपी – 5 बैग यूरिया – 7 बैग से अधिक वितरण न किया जाए। साथ ही यूरिया की पूरी मात्रा एक साथ देने के बजाय फसल की आवश्यकता के अनुसार चरणबद्ध (फेजिंग) तरीके से बेसल एवं टॉप ड्रेसिंग के लिए उपलब्ध कराई जाए।
शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
उर्वरकों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान हेतु जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, अम्बेडकरनगर में उर्वरक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
हेल्पलाइन नंबर: 9455485475
किसान इस नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा त्वरित समाधान प्राप्त कर सकते हैं।जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कठोर कार्रवाई बैठक के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि
उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, उप निदेशक कृषि, एआर कोऑपरेटिव, विभिन्न समितियों के सचिव तथा जनपद के थोक उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।




