“कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे” प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव
रिपोर्ट:News10plus| अम्बेडकरनगर|29 अप्रैल 2026 जनपद के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। विलंब की स्थिति में संबंधित एजेंसियों पर पेनल्टी लगाना अनिवार्य होगा।

अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जनपद में खराब ट्रांसफार्मर को निर्धारित समयसीमा में बदला जा रहा है और कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है। साथ ही, 9 मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं, जिनका आवश्यकता अनुसार उपयोग किया जा रहा है।
किसानों व गरीबों के लिए विशेष निर्देश
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को फसल बीमा योजना से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मजदूरी भुगतान समय से करने और सभी लाभार्थियों को शौचालय सुविधा से आच्छादित करने पर जोर दिया।
सड़क, स्वास्थ्य और एम्बुलेंस सेवाओं पर फोकस
बरसात से पहले सभी सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने 108 व 102 एम्बुलेंस सेवाओं की नियमित फिटनेस जांच, ऑक्सीजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा ट्रामा सेंटर को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि 40 बेड की डायलिसिस यूनिट जल्द शुरू होगी।
जल जीवन मिशन की प्रगति
जनपद में 571 परियोजनाओं में से 212 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 136 परियोजनाओं से पंप द्वारा जलापूर्ति की जा रही है। शेष 223 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
वृक्षारोपण व गौशाला निर्माण
मंत्री ने सूखे पौधों के स्थान पर पुनः वृक्षारोपण करने और पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।हर ब्लॉक में बृहद गौशाला स्थापित करने की योजना के तहत कई स्थानों पर कार्य जारी है, जबकि भीटी और भियांव में स्वीकृति मिल चुकी है—जहां जल्द निर्माण शुरू होगा।
कानून-व्यवस्था पर सख्ती
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, गो-तस्करी पर सख्त कार्रवाई और भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए।उन्होंने अराजक तत्वों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, पंचायत, पर्यटन, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचे।
अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में एमएलसी हरिओम पांडे, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाएगा।




