रिपोर्ट-News10plus| अम्बेडकरनगर। जनपद के विकास खण्ड भीटी स्थित ग्राम पंचायत जैतपुर खास की गौशाला से जुड़े मामले में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है।
गौशाला में संरक्षित गोवंश के साथ अमानवीय व्यवहार तथा गोवंश की मृत्यु से जुड़े प्रकरण में सामने आई गंभीर लापरवाही को देखते हुए ग्राम प्रधान की प्रशासनिक एवं वित्तीय शक्तियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
यह कार्रवाई उस समय की गई जब 29 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया पर गौशाला से संबंधित एक समाचार तेजी से वायरल हुआ, जिसमें गौवंश के साथ अमानवीय व्यवहार और
मृत पशुओं के अनुचित निस्तारण का आरोप लगाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से जांच कराई गई।
जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
जांच आख्या में पाया गया कि गौशाला में मृत गोवंश के उचित निस्तारण में भारी लापरवाही बरती गई तथा शासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया गया। यह स्थिति सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
डीएम ने दिए अंतिम जांच के आदेश
ग्राम प्रधान द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण का परीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम 1947 की धारा 95(1)(छ) के तहत प्रकरण की अंतिम जांच कराने का आदेश दिया है।
साथ ही अंतिम जांच पूरी होने तक ग्राम प्रधान की प्रशासनिक और वित्तीय शक्तियों पर रोक लगा दी गई है।
जांच अधिकारी नियुक्त
प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, अम्बेडकरनगर को अंतिम जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
गौशाला प्रकरण में डीएम की बड़ी कार्रवाई’ ग्राम प्रधान की प्रशासनिक व वित्तीय शक्तियां रोकी गईं’ सोशल मीडिया पर वायरल खबर के बाद हुई जांच’ मृत गोवंश के निस्तारण में लापरवाही उजागर’ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सौंपी गई अंतिम जांच




