उप शीर्षक
डॉ. अनीश की घातक गेंदबाजी ने बदला मैच का रुख, डॉ. आमोद बने प्लेयर ऑफ द मैच
रिपोर्ट:News10plisएडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर । आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप क्रिकेट प्रतियोगिता में डॉक्टर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेसिक टीचर्स इलेवन अम्बेडकरनगर को
21 रन से पराजित कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जेएसआर क्रिकेट एकेडमी, अकबरपुर के मैदान पर खेले गए मुकाबले में रोमांचक क्रिकेट के साथ खिलाड़ियों ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश भी दिया।
डॉक्टर्स इलेवन ने बनाए 116 रन
टॉस जीतकर डॉक्टर्स इलेवन के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाए।
डॉक्टर्स इलेवन ने पावरप्ले के शुरुआती चार ओवरों में संतुलित शुरुआत करते हुए दो विकेट खोकर 39 रन बनाए। टीम की ओर से डॉ. अभिनीत यादव ने सर्वाधिक 26 रन, जबकि डॉ. अनीश ने 15, अभिषेक ने 15 और आमोद ने 10 रन बनाए।
बेसिक टीचर्स इलेवन के गेंदबाजों ने मध्य ओवरों में प्रभावी गेंदबाजी करते हुए रन गति पर अंकुश लगाया और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। कमलेश और शुभम ने 3-3 विकेट, जबकि भारत ने 2 विकेट चटकाए।
95 रन पर सिमटी बेसिक टीचर्स इलेवन
117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेसिक टीचर्स इलेवन अम्बेडकरनगर ने शुरुआत में अच्छी बल्लेबाजी की। टीम ने सात ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 55 रन बनाकर मुकाबले पर पकड़ मजबूत कर ली थी।
इसके बाद डॉक्टर्स इलेवन के ऑलराउंडर डॉ. आमोद ने एक ही ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। इसके बाद डॉ. अनीश की धारदार तेज गेंदबाजी के सामने बेसिक टीचर्स इलेवन का मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया और पूरी टीम 15.3 ओवर में 95 रन पर ऑलआउट हो गई।
डॉ. अनीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.3 ओवर में मात्र 9 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, जबकि डॉ. आमोद ने दो विकेट अपने नाम किए।
बेसिक टीचर्स इलेवन की ओर से दिव्यांश ने 27 रन और शुभम ने 26 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।
डॉ. जेके वर्मा ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
मैच के मुख्य अतिथि डॉ. जेके वर्मा, मानसिक रोग विशेषज्ञ, अकबरपुर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है। हार से हमें सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के लगातार खेल आयोजनों से लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों का पालन करने में मदद मिलेगी।
आराध्या श्री फाउंडेशन द्वारा खेल के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लगातार जागरूक और प्रेरित किया जा रहा है।
इन खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार
प्लेयर ऑफ द मैच: डॉ. आमोद, बेस्ट बल्लेबाज: डॉ. अभिनीत यादव, बेस्ट गेंदबाज: डॉ. अनीश, बेस्ट फील्डर: दिव्यांश
ये रहे मौजूद
मैच में अजय श्रीवास्तव और डॉ. एसएम बाकिर ने अंपायर एवं कमेंटेटर की भूमिका निभाई, जबकि विक्रम सिंह और मुकेश ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली।
इस अवसर पर विवेक मणि सिंह, डॉ. प्रवेश वर्मा, डॉ. साजन देव, डॉ. विमल, डॉ. सौरभ, अभिषेक, नवीन, चन्द्रपाल, चुनमुन, शुभम, अमित, धनजीत, राधे सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आराध्या श्री फाउंडेशन का यह आयोजन खेल, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा जागरूकता को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



बेसिक टीचर्स इलेवन की ओर से दिव्यांश ने 27 रन और शुभम ने 26 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी।
