रिपोर्ट:News10plus| अंबेडकरनगर | जनपद में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। मिट्टी अनलोड करते समय डंपर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई। चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह केबिन में ही जिंदा जल गया।
यह दर्दनाक घटना मुख्यालय के शहजादपुर कस्बे के अमरौला वार्ड की है। जानकारी के मुताबिक जंग बहादुर के भट्ठे पर मिट्टी गिराने का काम चल रहा था।
डंपर चालक ने हाइड्रॉलिक से डाला ऊपर उठाया और गाड़ी आगे बढ़ाई, तभी डंपर का ऊपरी हिस्सा 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन से छू गया। जोरदार स्पार्किंग के साथ ही डंपर आग का गोला बन गया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोग दौड़े, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त प्रशासन और पुलिस की टीम भी वहां मौजूद थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल को सूचना दी, लेकिन जब तक आग बुझती, चालक की मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान आलोक वर्मा पुत्र वीरेंद्र वर्मा, निवासी चियूटीपारा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




