“रक्त की कमी दूर करने आगे आए युवा, दो दिन में पाँच लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान”
राजकीय मेडिकल कॉलेज के रक्तकेन्द्र में A एवं B पॉजिटिव रक्त की कमी को दूर करने के लिए युवाओं की प्रेरणादायी पहल।
रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) टांडा अम्बेडकरनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित रक्तकेन्द्र में पिछले लगभग 15 दिनों से A पॉजिटिव एवं B पॉजिटिव
रक्त समूह की लगातार कमी बनी हुई है। इसके चलते जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में जिले के युवाओं ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार और मानवता का परिचय देते हुए प्रेरणादायी पहल की है। जनपद के यूथ आइकॉन
प्रवीण गुप्ता के आह्वान पर मात्र दो दिनों के भीतर पाँच युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर रक्तकेन्द्र में व्याप्त कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस मानवीय अभियान के अंतर्गत मनोज सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, शिवबंस, अमन वर्मा एवं जितेन्द्र मौर्य ने A पॉजिटिव और B पॉजिटिव
रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन को नई उम्मीद दी। सभी रक्तदाताओं के इस सराहनीय योगदान की जिलेभर में प्रशंसा हो रही है।
यूथ आइकॉन प्रवीण गुप्ता ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। यह केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।
उन्होंने विशेष रूप से A एवं B पॉजिटिव रक्त समूह वाले स्वस्थ नागरिकों से आगे आकर नियमित रक्तदान करने का आग्रह किया, ताकि रक्तकेन्द्र में रक्त की कमी शीघ्र समाप्त हो सके और किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशान न होना पड़े।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। सामूहिक प्रयासों से ही “रक्तदान–जीवनदान” का संदेश जन-जन तक पहुँचेगा और जरूरतमंदों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।




