रिपोर्ट: News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद| अंबेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के नौतरिया बाईपास के पास रविवार दोपहर बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई,
जब जल जीवन मिशन के लिए बनाए गए पाइपों के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखी बड़ी संख्या में पाइप जलकर राख हो गईं।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
साथ ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गोदाम के पास बने नाले में किसी व्यक्ति द्वारा झाल (सूखी झाड़ियां) फूंकी गई थी। उसी दौरान उठी चिंगारी हवा के साथ
गोदाम तक पहुंच गई, जिससे वहां रखे पाइपों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी ईओ विशाल सारस्वत तथा अकबरपुर तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।




