रिपोर्ट News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद| अम्बेडकरनगर | 27 मार्च 2026 जनपद में जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने शासन से प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से शिकायतवार जानकारी ली तथा कहा कि केवल औपचारिक निस्तारण स्वीकार्य नहीं होगा।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि असंतुष्ट फीडबैक की पुनरावृत्ति होती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके मूल कारणों का समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में उसी प्रकार की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह,
जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधीक्षण अभियंता (विद्युत), अपर जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि जन शिकायतों का त्वरित समाधान ही सुशासन की पहचान है, इसलिए सभी विभाग अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करें।




