रिपोर्ट News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद -सैय्यद| अम्बेडकरनगर। जनपद के टांडा हयातगंज स्थित 30 शैय्या महिला अस्पताल का मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल के प्रत्येक वार्ड, प्रसूति कक्ष, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, साफ-सफाई व्यवस्था और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अर्बन सीएचसी मुबारकपुर
और कश्मीरीयां में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं को यहां शिफ्ट किया जाए, जिससे इस अस्पताल की उपयोगिता बढ़ेगी और क्षेत्रीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि टांडा सीएचसी को भी अगले दो से चार दिनों में 30 शैय्या महिला अस्पताल में स्थानांतरित किया जाए, क्योंकि यह अस्पताल शहर के बीचों-बीच स्थित है, जिससे मरीजों को दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें समय पर बेहतर इलाज मिल
सकेगा।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने यह भी कहा कि आसोपुर में पहले से 200 बेड का अस्पताल संचालित है, ऐसे में वहां मौजूद सीएचसी को भी टांडा महिला अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। इससे अस्पताल में डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट और अन्य कर्मचारियों की कमी दूर होगी तथा स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अलग-अलग स्थानों पर संचालित अस्पतालों के कारण सरकार को लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जिसे इस व्यवस्था के बाद बचाया जा सकेगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, साथ ही अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, बिजली-पानी व्यवस्था और उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कहा कि थाना कोतवाली टांडा द्वारा जिन मामलों में मेडिकल परीक्षण सीएचसी में कराया जाता है, अब वह मेडिकल परीक्षण भी 30 शैय्या महिला अस्पताल में ही कराया जाएगा, जिससे पुलिस और मरीजों दोनों को सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह पूरा कार्य शीघ्रता से पूरा किया जाए और अस्पताल को क्षेत्र का मॉडल स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाए,
ताकि टांडा और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सीएमओ, अस्पताल प्रशासन और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




