अम्बेडकरनगर। नगर पंचायत इल्तिफातगंज में नामित सभासदों की नियुक्ति को लेकर नया विवाद सामने आया है। पार्टी द्वारा घोषित तीन नामित सभासदों में से एक को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल खड़े होने लगे हैं, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

नामित सभासदों में बृजेश वर्मा, जिन्हें स्थानीय निवासी और पार्टी कार्यकर्ता बताया जा रहा है, तथा वार्ड संख्या 04 से नन्दलाल चौहान शामिल हैं। वहीं तीसरे नामित सभासद राजेश पाण्डेय को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि राजेश पाण्डेय नगर पंचायत इल्तिफातगंज क्षेत्र के निवासी नहीं हैं और न ही उनका नाम स्थानीय मतदाता सूची में दर्ज बताया जा रहा है। ऐसे में उनकी नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि पार्टी के इस निर्णय से कई वर्तमान सभासदों और जनप्रतिनिधियों में नाराज़गी देखने को मिल रही है। हालांकि, यह असंतोष अभी तक खुलकर सामने नहीं आया है, लेकिन अंदरखाने विरोध की चर्चा तेज है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति का नाम नगर पंचायत क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो उसे नामित सभासद बनाया जाना नियमों के विपरीत माना जा सकता है।
हालांकि, इस पूरे मामले में अब तक प्रशासन या पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है, जिससे स्थिति और भी असमंजसपूर्ण बनी हुई है।
अब यह मामला प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। नगर पंचायत क्षेत्र में इस निर्णय को लेकर जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।
यदि जल्द ही इस मामले में स्पष्टता नहीं आई, तो विवाद और गहराने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।




