रिपोर्ट News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद| अम्बेडकरनगर | 13 मार्च 2026 (शुक्रवार) पवित्र माह रमज़ान के अंतिम शुक्रवार अलविदा जुमा की नमाज़ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों सहित टांडा तहसील क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
टांडा नगरक्षेत्र में समस्त मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज़ अदा कराई गई” ताज टाकीज़ तिराहे पर स्थित सोगरा बीबी इमामबाड़े में स्थित मस्जिद में शिया समुदाय के धर्मगुरु मौलाना सैय्यद गुलाम मुर्तजा़ चुन्नू ने अलविदा जुमा की नमाज़ अदा कराई।
शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वहीं अकबरपुर-शहजादपुर क्षेत्र में स्वयं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जामा मस्जिद, शहजादपुर चौक का स्थलीय निरीक्षण कर नमाजियों की सुविधाओं, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। अधिकारियों ने पुलिस बल को सतर्क रहने तथा नमाज के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
रमज़ान के अंतिम जुमे की नमाज़ जिले भर में पूरी अकीदत, अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण में अदा की गई। मस्जिदों में बड़ी संख्या में रोज़ेदारों ने अल्लाह की इबादत कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
वहीं धर्मगुरुओं के अनुसार यदि 29 रमज़ान को चांद दिखाई देता है, तो 30 रमज़ान यानी शुक्रवार को ईद-उल-फितर मनाई जा सकती है। अगर उस दिन चांद नहीं दिखता है तो एक और अलविदा जुमा पड़ने की संभावना है और उसके बाद शनिवार को ईद मनाई जा सकती है।




