उप-शीर्षक
घायल महिला को लेकर बढ़ा विवाद, स्कार्पियो में तोड़फोड़ से मची अफरा-तफरी; पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
रिपोर्ट: News10plus मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर | टांडा। थाना कोतवाली टांडा क्षेत्र के थिरवापुल के निकट बीती रात करीब 10 बजे स्कार्पियो और बाइक की टक्कर के बाद विवाद हो गया।
हादसे में बाइक सवार सबीना नामक महिला के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर विवाद बढ़ गया और गुस्साए लोगों ने स्कार्पियो वाहन पर ईंट-पत्थर चलाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान स्कार्पियो चालक द्वारा वाहन को आगे-पीछे किए जाने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। में घटनास्थल के पास ही वाहन पर जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली टांडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया। पुलिस द्वारा मामले में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
क्षेत्राधिकारी ने दी घटना की जानकारी
क्षेत्राधिकारी टांडा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि घटना बीती रात्रि लगभग 10 बजे की है। स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार सबीना नामक महिला के घायल होने की जानकारी मिली है। इसके बाद आक्रोशित भीड़ द्वारा स्कार्पियो में तोड़फोड़ और ईंट-पत्थर चलाने की घटना सामने आई।
उन्होंने बताया कि सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची, वाहन को कब्जे में लिया गया तथा अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना स्थल थाना कोतवाली टांडा से कुछ ही दूरी पर स्थित है। हादसे के बाद हुए विवाद और पथराव से घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




