रिपोर्ट:News10plusएडिटर मोहम्मद राशिद (सैय्यद) अम्बेडकरनगर | 28 जुलाई, 2026।भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हैंडलूम) के अंतर्गत बुनकर सेवा केंद्र, वाराणसी द्वारा समर्थ योजना के तहत जनपद अम्बेडकरनगर के टांडा में 30 बुनकरों के लिए 45 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य हस्त करघा क्षेत्र से जुड़े बुनकरों एवं युवाओं को आधुनिक तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को ₹300 प्रतिदिन की दर से प्रशिक्षण भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से बुनकर जामदानी बुनाई जैसी पारंपरिक एवं उत्कृष्ट हस्तकरघा कला में दक्ष होकर अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से बिना ब्याज के ऋण प्राप्त कर बुनकर अपने उद्यम का विस्तार कर सकते हैं। इससे स्थानीय हस्तकरघा उद्योग को नई गति मिलेगी और बुनकर आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे।
कार्यक्रम में बुनकर सेवा केंद्र, वाराणसी के सहायक निदेशक गोपाल, तकनीकी अधीक्षक आशिफ अली, वरिष्ठ बुनकर जय प्रकाश, प्रभारी उपायुक्त एच.पी. मौर्य, सहायक आयुक्त अजय शर्मा, उद्यमी मित्र
अखिलेश पटेल, पावरलूम निरीक्षक शरद चंद्र चौहान, अमृत प्रकाश, चंद्र प्रकाश यादव, आफताब सहित बड़ी संख्या में बुनकर बंधुओं एवं प्रशिक्षार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।




