रिपोर्ट News10plus एडिटर मोहम्मद राशिद| अम्बेडकरनगर |18 फ़रवरी 2026 शासन की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में जनपद की प्रभावी एवं अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में निवेश की संभावनाओं को सुदृढ़ करने, कृषकों को उन्नत तकनीकी एवं विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए
उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने तथा कृषि उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विस्तृत एवं गहन विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कृषि उत्पादों की
प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर वैल्यू एडिशन को प्रोत्साहित करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु ठोस एवं चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में निम्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई
जनपद में आधुनिक फिश मंडी की स्थापना अधिक से अधिक पॉलीहाउस विकसित करना मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देना पर्यटन संभावनाओं का प्रभावी दोहन टांडा क्षेत्र में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की स्थापना
मत्स्य उत्पादन बढ़ाने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न फसलों के उत्पादन में वृद्धि के लिए विशेषज्ञों द्वारा कृषकों को प्रशिक्षण धान, गन्ना एवं अन्य कृषि उत्पादों पर आधारित फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना
सीड पार्क के विकास की कार्ययोजना
आवश्यकतानुसार राज्य परिवहन आयोग से सहयोग प्राप्त करने की संभावनाएं इसके साथ ही जनपद में मखाना उत्पादन की व्यापक संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए, मखाना बोर्ड के गठन के उपरांत इस क्षेत्र में योजनाबद्ध विस्तार पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ उसके प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों और जनपद की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सके।
उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारी, व्यावहारिक एवं परिणामोन्मुख प्रोजेक्ट तैयार किए जाएं, जो जनपद को प्रदेश एवं राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में सशक्त भूमिका निभाने में सक्षम बनाएं।
बैठक में जनपद में एक समग्र एवं बहुउद्देशीय “फूड हब” विकसित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए, जिसके माध्यम से प्रदेश के 75 जनपदों की
“एक जनपद–एक व्यंजन” योजना के अंतर्गत चयनित व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। यह पहल जनपद को खाद्य प्रसंस्करण एवं विपणन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अम्बेडकरनगर जनपद प्रदेश की आर्थिक प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा सके।
बैठक में उप निदेशक कृषि, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्यान अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, उद्यमी मित्र, मत्स्य अधिकारी तथा जनपद के प्रगतिशील कृषक एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



