रिपोर्ट मोहम्मद राशिद-सैय्यद
अम्बेडकरनगर ! 12 अगस्त 2025। नगर पालिका परिषद टाण्डा में आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक भव्य
मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शबाना नाज़ एवं उपजिलाधिकारी/प्रभारी अधिशाषी अधिकारी अरविंद त्रिपाठी के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई।
सुबह से ही नगर पालिका परिषद टाण्डा के अधिकारी, कर्मचारी एवं सैकड़ों सफाई कर्मी तिरंगे की शान में सज-धजकर मोटरसाइकिलों पर सवार हुए। यात्रा नगर के विभिन्न
मुख्य मार्गों से होते हुए गुज़री, जहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे, जिससे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में डूब गया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम नागरिकों को 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ा संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शबाना नाज़ ने कहा कि “तिरंगा हमारी एकता, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक के मन में देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को और प्रबल करना है।”



